मुंबई, 17 सितंबर (वेब वार्ता)। गणेशोत्सव शुरू होते ही मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोर और जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं। 14 सितंबर को लालबाग इलाके में दर्शन की कतार में चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। इन मामलों में श्रद्धालुओं के करीब 1 लाख 87 हजार 300 रुपये के सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, एक मामले में श्रद्धालु की सतर्कता और पुलिस की तत्परता के चलते दो संदिग्ध आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है।
महिला के गले से चोरी हुई सोने की माला
पहली घटना लालबाग के डॉ. बी.ए. रोड स्थित कुबल मसाला के पास दर्शन की कतार में हुई। लालबाग निवासी 67 वर्षीय वर्षा विश्वनाथ फोपळे सुबह करीब 10:15 बजे दर्शन के लिए लाइन में खड़ी थीं।
करीब 11 बजे भीड़ के दौरान जब उन्होंने अपनी साड़ी ठीक की, तो उन्हें पता चला कि उनके गले से 10 ग्राम वजनी सोने की माला गायब हो चुकी है। माला की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। काफी तलाश करने के बाद भी जब माला नहीं मिली, तो वर्षा अपनी नातिन कस्तूरी फोपले के साथ कालाचौकी पुलिस थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
दर्शन की कतार में अन्य श्रद्धालु भी बने निशाना
इसी दौरान सायन कोलीवाड़ा निवासी 49 वर्षीय धनंजय विष्णु बालसराफ भी पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि दर्शन की कतार में किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से 13 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। इसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे एक और चोरी की घटना सामने आई। मालाड में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाले 28 वर्षीय माइकल बबलू नाडर दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान दो संदिग्धों ने उनकी जेब से करीब 25 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद चोरी कर लिए।
शोर मचाने पर श्रद्धालुओं ने दोनों संदिग्धों को पकड़ा
माइकल को जैसे ही अपनी जेब से सामान गायब होने का पता चला, उन्होंने शोर मचाते हुए चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने भाग रहे दोनों संदिग्धों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। बताया गया कि भीड़ ने दोनों की पिटाई भी की।
इसी दौरान सादे कपड़ों में इलाके में गश्त कर रही कालाचौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों संदिग्धों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय आरिफ सकसेनसिंह गुज्जर और 23 वर्षीय सोमनाथ समनसिंह राठौड़ के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बड़े गिरोह से जुड़े होने की जांच
कालाचौकी पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अकेले चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे या उनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में सामने आई चोरी की अन्य घटनाओं से आरोपियों का कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से की सतर्क रहने की अपील
कालाचौकी पुलिस ने गणेश भक्तों से अपील की है कि लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए अपने गहनों, मोबाइल फोन, बटुए और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ने श्रद्धालुओं से कहा है कि दर्शन की कतार में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर नजर पड़ने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।




