कोलकाता, 10 जुलाई (वेब वार्ता)। पश्चिम बंगाल के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन का व्हाट्सएप खाता कथित रूप से हैक कर लिया गया। हैकरों ने उनके मोबाइल नंबर से परिचित लोगों को संदेश भेजकर तत्काल धनराशि की मांग की। मामले की जानकारी मिलने के बाद मंत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए लोगों से किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, मंत्री के व्हाट्सएप नंबर से एक व्यक्ति को संदेश भेजा गया, जिसमें कहा गया कि उनकी डिजिटल भुगतान सेवा काम नहीं कर रही है और उन्हें तत्काल 25 हजार रुपये की आवश्यकता है। संदेश के साथ एक क्यूआर कोड भी भेजा गया, ताकि धनराशि सीधे स्थानांतरित की जा सके।
बताया गया कि जब संबंधित व्यक्ति ने इतनी बड़ी राशि भेजने में असमर्थता जताई, तो हैकर ने कम से कम दो हजार रुपये भेजने का आग्रह किया। इस घटना के बाद मंत्री के परिचितों को धोखाधड़ी की आशंका हुई और मामला उनके संज्ञान में आया।
दीपक बर्मन ने सामाजिक माध्यम के जरिए स्पष्ट किया कि यदि उनके नंबर से किसी भी व्यक्ति को धन मांगने का संदेश प्राप्त हो तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का भुगतान न करें। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की सूचना अलीपुरद्वार के पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध संदेश, क्यूआर कोड या धनराशि की मांग पर बिना सत्यापन के कोई लेनदेन न करें।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने हाल ही में राज्य के सभी थानों में साइबर सहायता केंद्र स्थापित किए हैं, ताकि साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा सके। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने से धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित थाने या साइबर सहायता केंद्र को देने की अपील की है।




