कुशीनगर 14 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिका परिषद पडरौना द्वारा नगर क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद पडरौना के छावनी स्थित छठ घाट पर बनी बेदियों को आकर्षक बनाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल स्वयं मैदान में उतरे और अपने हाथों से बेदियों की रंगाई-पुताई की।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका परिषद पडरौना विगत कई वर्षों से छठ महापर्व के अवसर पर नगर क्षेत्र के पांच दर्जन से अधिक छठ घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं कराती आ रही है। इन घाटों पर बेदियों की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, टेंट, प्रकाश व्यवस्था, जलपान सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं नगर पालिका द्वारा सुनिश्चित की जाती हैं।
नपाध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का प्रतीक है। छठ व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका परिवार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि नगर के प्रत्येक छठ घाट पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर कुंदन सिंह, विनय गोंड, राजेश जायसवाल, गौरव रौनियार,संदीप निगम, सनी सिंह, अभय तिवारी, विशाल गुप्ता, शालू पटेल, अनुज श्रीवास्तव सहित सभी युवा साथी एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का प्रतीक है : विनय जायसवाल

- Advertisement -



