सार
- शफक नाज टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हैं।
- फिलहाल वह करवा चौथ मनाने और सिंदूर लगाने को लेकर ट्रोल हो रही हैं।
- ऐसे में अब शफक ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
विस्तार
देश में अक्सर धर्म और त्योहारों को लेकर बहस छिड़ जाती है। कोई दूसरे धर्म के त्योहार में शामिल हो जाए या उसकी परंपराओं को अपना ले, तो कुछ लोग सवाल उठाने लगते हैं। ऐसा ही कुछ टीवी एक्ट्रेस शफक नाज के साथ भी हुआ।
शफक ने हिंदू परंपरा से मनाया त्योहार
दरअसल, महाभारत में कुंती का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली शफक ने हाल ही में पति जीशान के साथ करवा चौथ सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। तस्वीरों में एक्ट्रेस लाल साड़ी, लाल चूड़ियां और सिंदूर लगाए नजर आईं।उन्होंने इन तस्वीरों के साथ लिखा था, ‘उस शख्स के लिए तैयार हुई हूं, जिसने मुझे मेरे सबसे बुरे वक्त में भी देखा है। हैप्पी करवा चौथ।’ हालांकि, उनकी इन तस्वीरों पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों ने मुस्लिम होने के बावजूद हिंदू त्योहार करवा चौथ मनाने को लेकर उन्हें निशाने पर लिया।

- ट्रोलर्स को दिया जवाब
अब शफक ने एक वीडियो शेयर कर ट्रोलर्स को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह देखकर दुख होता है कि लोगों को एक-दूसरे के त्योहार मनाने से भी परेशानी होने लगी है। वीडियो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, ‘सच कहूं तो दुख होता है कि हमें आज भी इस तरह की बातों पर चर्चा करनी पड़ रही है। यह किसी एक धर्म या समुदाय की बात नहीं है। सभी के लिए जरूरी है कि थोड़ा सम्मान और समझदारी दिखाएं और नफरत कम करें।’







