मुरादाबाद वेब वार्ता
कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र रतनपुर कलां में बुधवार को आयोजित विद्युत समाधान कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याओं की सुनवाई कर मौके पर राहत प्रदान की गई। विधायक प्रतिनिधि कुंदरकी ब्रजानंद उर्फ विक्की ठाकुर ने विद्युत अधिकारियों के साथ शिकायतें सुनीं और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कैंप में प्राप्त 13 शिकायतों में से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्राम भैंसोड़ा यूसुफपुर निवासी उर्मिला पत्नी समरपाल के विद्युत बिल में मीटर रीडिंग की त्रुटि दूर होने पर 262591 का बिल घटकर 53598 रह गया। इससे उपभोक्ता को 208993 की बड़ी राहत मिली। वहीं कैंप में लगभग 20 हजार के विद्युत बिल जमा हुए। कैंप में बिल संशोधन, नए कनेक्शन, खराब मीटर, लो-वोल्टेज और विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों पर सुनवाई हुई। शेष सात शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारियों से निरंतर समन्वय किया जा रहा है। इस दौरान एसडीओ, जेई, कार्यकारी सहायक, टीजी-2 सहित भाजपा जिला मंत्री ब्रजेश कुमार लोधी, ज्योति वाल्मीकि , मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह जाटव, राजवीर सैनी, रोहित एवं अन्य विभागीय कर्मचारी व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे




