राज्यउत्तर प्रदेशशिक्षकों के सम्मान, अधिकार एवं हितों की रक्षा...

शिक्षकों के सम्मान, अधिकार एवं हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा : डॉ. सुनीत गिरी

बरेली, 5 अक्टूबर 2026।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. सुनीत गिरी ने आगामी बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक विधायक चुनाव हेतु आज अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। नामांकन को लेकर शिक्षकों एवं संगठन के पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के पदाधिकारी नामांकन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
नामांकन पत्र प्रस्तुत करने से पूर्व बिशप मंडल इंटर कॉलेज, बरेली में मुरादाबाद एवं बरेली मंडल के अंतर्गत आने वाले समस्त जनपदों के संगठन पदाधिकारियों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों की वर्तमान समस्याओं, उनके अधिकारों एवं सरकार की शिक्षक संबंधी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज शिक्षकों के सामने अनेक गंभीर चुनौतियां हैं। शिक्षकों के मान-सम्मान, सेवा सुरक्षा, वेतन एवं पेंशन संबंधी अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत और अनुभवी शिक्षक प्रतिनिधि का विधान परिषद में होना अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने कहा कि यदि शिक्षकों की समस्याओं को न्यायसंगत एवं प्रभावी तरीके से सरकार के समक्ष उठाना है, तो शिक्षक समाज को एकजुट होकर अपने प्रतिनिधि का चयन करना होगा।
संगठन के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. सुनीत गिरी ने कहा कि शिक्षकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय आज भी सरकार के समक्ष मजबूती से उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वेतन वितरण अधिनियम, 1971 शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। यदि इस अधिनियम को किसी भी रूप में समाप्त किया गया तो शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली, 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को ग्रेच्युटी का भुगतान, प्रोन्नत वेतनमान, चयन वेतनमान सहित शिक्षकों की अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी एवं जानकार शिक्षक प्रतिनिधित्व आवश्यक है।
डॉ. सुनीत गिरी ने कहा कि शिक्षक केवल अपने वेतन और सेवा शर्तों के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी संघर्ष करता है। इसलिए शिक्षक समाज की आवाज को विधान परिषद में पूरी मजबूती, तथ्य और तर्क के साथ उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व शिक्षक विधायक सुभाष चंद्र शर्मा ने की तथा संचालन बरेली मंडल के मंडलीय मंत्री डॉ. नरेश सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ. जी.पी. सिंह, रविन्द्र शर्मा, प्रेम सिंह, बालक राम, अतुल पण्डित, रणविजय सिंह, राजीव कुमार पाठक (जिला अध्यक्ष मुरादाबाद), पुष्पेश मिश्रा (जिला मंत्री मुरादाबाद), देशराज सिंह (बदायूं), श्रीकान्त मिश्रा (जिला मंत्री शाहजहांपुर), आलोक पाठक, रश्मि यादव (जिला मंत्री पीलीभीत), लक्ष्मी कांत शर्मा (जिला अध्यक्ष पीलीभीत), विनोद कुमार (जिला मंत्री बिजनौर), मनोज रस्तोगी (जिला मंत्री संभल), मोहित सक्सेना (जिला अध्यक्ष संभल), विक्रम कुमार (जिला मंत्री रामपुर), अजय सिंह राठौर (जिला अध्यक्ष रामपुर), मुनेश अग्निहोत्री (जिला मंत्री बरेली) एवं नवनीत शर्मा (जिला अध्यक्ष बरेली) सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने एकजुट होकर शिक्षक हितों की रक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के लिए संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -