वेब वार्ता सत्यम नागपाल
यमुनानगर। सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के तीनों कार्यालयों में विशेष ‘क्लीन ऑफिस अभियान’ चलाया गया। अभियान के दौरान निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसरों, सभी शाखाओं के कमरों, छतों, पार्किंग स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। लंबे समय से जिन स्थानों पर सफाई नहीं हुई थी, वहां भी सफाई कर गंदगी को हटाया गया।
अभियान के दौरान कार्यालय परिसर में पड़ा अनावश्यक कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही, कार्यालयों को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के लिए कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के मार्गदर्शन में चलाया गया।
शहीद भगत सिंह चौक स्थित नगर निगम कार्यालय में मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल एवं मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा के नेतृत्व में सफाई करवाई गई। वहीं कन्हैया साहिब चौक स्थित निगम कार्यालय में मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कम्बोज तथा जगाधरी स्थित नगर निगम कार्यालय में मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन शहरी के विशेषज्ञ आकाश कुमार, दुर्गेश कुमार और गगन ने कर्मचारियों से अपील की कि कार्यालयों में कचरा डस्टबिन में ही डालें और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। उन्होंने तीनों कार्यालयों को जीरो वेस्ट बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प भी लिया।




