लखनऊl जरूरतमंद वर्गों तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन ने ज़कात एंड चैरिटेबल फाउंडेशन के सहयोग से इरादत नगर, डालीगंज में निःशुल्क चिकित्सा एवं सरकारी दस्तावेज़ शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और चिकित्सा जांच, निःशुल्क दवाइयों, स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिक जांच तथा विभिन्न सरकारी सुविधाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।
चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की जांच की तथा मरीजों की आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। इसके अतिरिक्त ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की भी व्यवस्था की गई, जिसका क्षेत्र के लोगों ने भरपूर लाभ उठाया।
शिविर में मौजूद डॉ. फरीद खान और डॉ. अशरफ नजीब ने मरीजों की जांच करने के साथ-साथ मौसमी एवं सामान्य बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया। डॉक्टरों के अनुसार शिविर में आने वाले लोगों में वायरल बुखार, डिहाइड्रेशन, पेट दर्द और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज प्रमुख रूप से शामिल रहे। कुल मिलाकर 500 से अधिक लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सरकारी दस्तावेज़ एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन डेस्क रहा। यहां नागरिक विकास केंद्र के सहयोग से लोगों को विभिन्न सरकारी सुविधाओं तक पहुंचने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। पात्र लोगों को राशन कार्ड, लेबर कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार अपडेट, विधवा पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करने और आवश्यक फॉर्म भरने में व्यावहारिक सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आस मोहम्मद, मोहम्मद मुजीब, जबकि ज़कात एंड चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से मोहम्मद शाहिद, असद अली, जफरुद्दीन अंसारी, फारूक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे और शिविर के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
निःशुल्क चिकित्सा एवं सरकारी दस्तावेज़ शिविर के आयोजन मे सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

- Advertisement -



