
आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं बूथ स्तर की तैयारियों को धार देने के लिए रविवार को ब्लॉक सभागार कुंदरकी में मंडल कुंदरकी एवं मंडल रतनपुर कलां की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्राम संयोजकों, ग्राम प्रभारियों एवं बूथ प्रभारियों के साथ संगठन की आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया। विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके बूथ और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही सशक्त होगा। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने दायित्व को पूरी निष्ठा और सक्रियता से निभाते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखने का कार्य करे। उन्होंने नवीन दायित्व प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नया दायित्व केवल सम्मान नहीं, बल्कि संगठन के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी है। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटें। बैठक के दौरान विधायक रामवीर सिंह ने उपस्थित ग्राम संयोजकों, ग्राम प्रभारियों एवं बूथ प्रभारियों को गमछा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद वीर सिंह, मंडल अध्यक्ष कुंदरकी संजय कश्यप, मंडल अध्यक्ष रतनपुर कलां बबलू जाटव सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




