लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हरदोई कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
NSUI जिलाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश उर्फ ज्ञानू पाल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने “निष्पक्ष चुनाव कराओ” और “लोकतंत्र की पारदर्शिता सुनिश्चित करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि SIR प्रक्रिया से जुड़े मामलों की निष्पक्षता के साथ जांच और सत्यापन किया जाना चाहिए, ताकि मतदाता सूची को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका न रहे। ज्ञापन में SIR प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, चुनावी पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा किए जाने की मांग की गई।
NSUI कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और उसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर SIR-2026 से संबंधित मतदाता सेवाएं और पिछले SIR की मतदाता सूची में नाम खोजने की सुविधा भी उपलब्ध है।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह, ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी, जिला महासचिव आशीष पाल, महासचिव विनय, सचिव विशाल वर्मा, रचित, दिव्यांश वर्मा, सौरभ, विधानसभा अध्यक्ष दाऊद अहमद, शिवम, मनीष, देवेंद्र तथा ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुशवाहा समेत NSUI के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरदोई में SIR को लेकर NSUI का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट में नारेबाजी के बीच राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

- Advertisement -



