#दूसरी बार फरियाद लेकर पहुंचे ग्रामीण की परेशानी पर डीएम सत्यप्रकाश ने जताई नाराजगी, शाम तक हैंडपंप दुरुस्त कराने के दिए निर्देश#
ललितपुर(आलोक चतुर्वेदी) जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश की गंभीरता उस समय देखने को मिली, जब एक ग्रामीण अपने घर के पास खराब पड़े हैंडपंप की शिकायत लेकर दूसरी बार उनके पास पहुंचा। शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को फोन पर कड़ी नाराजगी जताई और शाम तक हैंडपंप दुरुस्त कराकर पेयजल की समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके घर के पास लगा हैंडपंप काफी समय से खराब है। हैंडपंप से पानी नहीं निकलने के कारण परिवार को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या के समाधान के लिए वह पहले भी शिकायत कर चुका था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी समस्या को लेकर वह दोबारा जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित जिम्मेदारों से फोन पर बात की और शिकायत के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने जिले के अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। केवल शिकायत दर्ज कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
जनता की छोटी से छोटी समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश देने का यह मामला प्रशासन की जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता को भी सामने लाता है।
#जनता की छोटी समस्या पर भी डीएम की बड़ी तत्परता, शिकायत मिलते ही हरकत में आया अमला#

- Advertisement -



