रूरा, 20 सितंबर (वेब वार्ता)। बारिश के दौरान अकबरपुर क्षेत्र के खरका गांव के पास 33 केवी बिजली लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से शनिवार को रूरा उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते रूरा नगर सहित करीब 100 गांवों में दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक लगभग ढाई घंटे बिजली गुल रही।
रूरा नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र से चार कोल्ड स्टोर और करीब 20 हजार अन्य बिजली कनेक्शन जुड़े हुए हैं। शनिवार दोपहर हुई बारिश के बाद बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आपूर्ति बाधित होने के कारण घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए। भीषण गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
जर्जर तारों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
बिजली कटौती से परेशान नगर और आसपास के गांवों के लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। नगर के बजरंग नगर वार्ड निवासी लवकुश द्विवेदी, गहलौं गांव निवासी विश्वनाथ पांडेय और डगरहा गांव निवासी शरद शुक्ला ने आरोप लगाया कि नगर तथा आसपास के गांवों में जर्जर केबल और पुराने तारों के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग बिजली बिल वसूलने में कोई कमी नहीं करता, लेकिन जर्जर तारों और केबलों की मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने और पुराने तारों को बदलने की मांग की है।
शाम पांच बजे बहाल हुई बिजली आपूर्ति
अवर अभियंता नीतिल उपाध्याय ने बताया कि रनियां के पास फॉल्ट होने की सूचना के बाद लाइनमैनों को खराबी का पता लगाने के लिए भेजा गया था। जांच के दौरान फॉल्ट का पता लगाकर उसे ठीक कराया गया। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे के बाद नगर और संबंधित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।




