लक्ष्मीकान्त पाठक हरदोई 19 सितंबर (वेब वार्ता)।जनपद में संचालित सेवा संकल्प महोत्सव के क्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के तत्वावधान एवं जिला प्रशासन, हरदोई के सहयोग से एम.एम.डी.डी. इंटर कॉलेज, गौसगंज, कछौना में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक रावत, सांसद, मिश्रिख रहे। कार्यक्रम में रामपाल वर्मा, विधायक बालामऊ, अशोक अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद, राजाराम पाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कछौना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, एलिम्को के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुँचाना तथा उन्हें अधिक स्वावलंबी, गतिशील एवं सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना रहा। शिविर में एडीप योजना के अंतर्गत 200 दिव्यांगजन तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 267 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 467 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कुल 1,872 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल लागत लगभग रू 60 लाख 94 हजार रही। विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों के वितरण से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा, आवागमन में सुगमता तथा दूसरों पर निर्भरता कम करने में सहायता प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। वक्ताओं ने दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं व्यक्तिगत सशक्तीकरण के लिए सहायक उपकरणों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। सेवा संकल्प महोत्सव के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने, जनसमस्याओं के समाधान तथा जनकल्याणकारी सेवाओं की सुलभ उपलब्धता पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी क्रम में सामाजिक अधिकारिता शिविर के माध्यम से दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि लाभार्थियों को व्यवस्थित रूप से उपकरण प्राप्त हों तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन को सफल बनाने में एलिम्को, जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
सेवा संकल्प महोत्सव के अंतर्गत कछौना में सामाजिक अधिकारिता शिविर आयोजित 467 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित, रू 60.94 लाख मूल्य के 1,872 सहायक उपकरण वितरित

- Advertisement -



