जलालाबाद में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन,
🙏 बोले—बढ़ते काम के बीच लंबित मांगों पर अब आर-पार की तैयारी
रामनिवास शर्मा
जलालाबाद 19 सितंबर (वेब वार्ता)। लंबित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अब आंदोलन का रुख तेज करने का ऐलान किया है। शनिवार को तहसील जलालाबाद में लेखपालों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शासन स्तर पर लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। लेखपालों ने चेतावनी दी कि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो 22 सितंबर से प्रदेशव्यापी स्तर पर अतिरिक्त हलकों का बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन में लेखपालों ने कहा कि राजस्व अभिलेखों के रखरखाव से लेकर वरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तक का जिम्मा लेखपालों पर है। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं। संघ ने अंतर्मंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति, वेतन विसंगति और अतिरिक्त कार्यभार सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

लेखपालों का कहना है कि काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है, जबकि संसाधन और मानवबल की स्थिति उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है। ऐसे में अतिरिक्त हलकों का काम करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अरविंद कनौजिया, रविकांत, पवनेश कुमार, मोहन शर्मा, नीरज राठौर सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे। लेखपालों की चेतावनी के बाद अब प्रशासन और शासन के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।




