धर्मशाला में आईपीएल के तीन मुकाबले उत्सव की तरह होंगे, एचपीसीए ने तेज की तैयारियां

धर्मशाला, 26 अप्रैल (वेब वार्ता)। हिमाचल प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में मई माह में होने वाले आईपीएल के तीन महत्वपूर्ण मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इन मैचों को उत्सव के रूप में आयोजित करने की योजना बनाई है।

एचपीसीए के महासचिव मनुज शर्मा ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला में 11, 14 और 17 मई को मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार जिला मंडी और चंबा को आईपीएल फैन पार्क के लिए चुना गया है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे पहले शिमला, बिलासपुर और ऊना जैसे जिलों को यह अवसर मिल चुका है। फैन पार्क के माध्यम से उन दर्शकों को भी मैच का आनंद मिलेगा, जो स्टेडियम तक नहीं पहुंच पाते।

धर्मशाला में मैचों के आयोजन से कांगड़ा जिले के पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, साथ ही स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी इसका लाभ मिलेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए एचपीसीए ने जिला प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की है।

मनुज शर्मा ने बताया कि स्टेडियम का नवीनीकरण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और लगभग 20 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। बैठक के दौरान टीम प्रबंधन के प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।

एचपीसीए का लक्ष्य है कि इन मुकाबलों को सफलतापूर्वक आयोजित कर धर्मशाला को एक बार फिर प्रमुख क्रिकेट केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles