रायपुर, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। रायपुर नगर निगम ने टैक्स बकायादारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लंबे समय से मांग नोटिस के बावजूद कर जमा नहीं करने वाले व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर निगम की टीम ने सीधे पहुंचकर कार्रवाई की।
अभियान चलाकर की गई जांच
जोन-9 के राजस्व अमले ने विशेष अभियान के तहत कई दुकानों की जांच की। निगम की सख्ती देखते ही चार दुकानदारों ने मौके पर ही अपना बकाया जमा कर दिया। इनसे कुल 80,592 रुपये की वसूली की गई।
भुगतान न करने पर दुकानें सील
वहीं, आठ बड़े बकायादारों ने भुगतान से इनकार किया, जिसके बाद निगम ने उनकी दुकानों को सील कर दिया। इन प्रतिष्ठानों पर कुल 3,65,510 रुपये का बकाया दर्ज है।
सील की गई दुकानों में बरखा अग्रवाल, अभिषेक कुमार की एज शॉप, चित्रा रेखा अग्रवाल, विवेक गोयल, सरफराज खान, शेख साजिद और इंद्रमणि मिनरल इंडिया सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कर वसूली के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि बकाया कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि राजस्व वसूली सुनिश्चित की जा सके।



