Monday, February 16, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

सेवादान आरोग्य संस्था राजकीय मेडिकल कॉलेज दून और हल्द्वानी में तीमारदारों के लिए बनाएगा विश्राम गृह

– सचिवालय में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुए एमओयू पर हस्ताक्षर-भर्ती मरीजों के तीमारदारों को सस्ते में मिलेगा कमरा, नाश्ता व खाना

देहरादून, (वेब वार्ता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह उपस्थिति में बुधवार को सचिवालय में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू. राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी व देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह बनाने को लेकर किया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इन मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह बनने से बड़ी सुविधा होगी। यहां भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को रात्रि विश्राम एवं ठहरने की समस्या का समाधान मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सेवादान आरोग्य संस्था से किच्छा स्थित एम्स सैटेलाइट सेंटर में भी यह व्यवस्था करने की बात कही, जिस पर संस्था ने सहमति व्यक्त की।

इस एमओयू के बाद सेवादान आरोग्य फाउंडेशन अब राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृहों का निर्माण करेगा। दोनों मेडिकल कॉलेजों में 350 बिस्तरों की क्षमता वाले विश्राम गृहों का निर्माण प्रस्तावित है। इन विश्राम गृहों (रैन बसेरों) में रात्रि विश्राम के लिए शयनागार में 55 रुपये प्रति बिस्तर तथा दो बिस्तरों वाले कमरे 300 रुपये प्रति कक्ष की दर से उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही 20 रुपये में नाश्ता और 35 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। एमओयू के अनुसार इन विश्राम गृहों का संचालन एवं रखरखाव सेवादान आरोग्य फाउंडेशन ही करेगा। इन विश्राम गृहों केलिए राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून 1750 वर्गमीटर एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी 1400 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराएगा। यह एमओयू आगामी 20 वर्षों के लिए वैध रहेगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना व सेवादान आरोग्य संस्था से अभिषेक सक्सेना, आनंद सिंह बिसेन एवं अमित दास उपस्थित थे।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img
Webvarta Job Post Add