देहरादून, 27 मई (वेब वार्ता)। उत्तराखंड सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तिथि में संशोधन किया है। अब राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पहले घोषित 27 मई के स्थान पर 28 मई को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2026 के सार्वजनिक अवकाश कैलेंडर में ईद-उल-अजहा के अवसर पर 27 मई को अवकाश घोषित किया गया था। हालांकि बकरीद की तिथि में परिवर्तन को देखते हुए सरकार ने अवकाश की तारीख संशोधित करते हुए 28 मई निर्धारित की है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधन केवल अवकाश की तिथि तक सीमित रहेगा और पूर्व में जारी अधिसूचना की अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी। बैंक, कोषागार और उप-कोषागारों में भी 28 मई को अवकाश रहेगा।
इधर, बकरीद के अवकाश के चलते हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने 28 मई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रभावित परीक्षाओं के लिए नई तिथियां भी घोषित कर दी हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. गौतम वीर ने बताया कि 28 मई को कृषि, बीपीएड, एमपीएड, बीएड, एमएड, बीए, बीएससी, आईटीईपी, बीफार्मा और एमबीए समेत विभिन्न सेमेस्टर की परीक्षाएं निर्धारित थीं। बकरीद के अवकाश को देखते हुए अब इन परीक्षाओं का आयोजन 29 मई से 4 जून के बीच किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक ने सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों, डीन और विभागाध्यक्षों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि नई तिथियों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बकरीद अवकाश को लेकर शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी और योजनाएं बनाने में सुविधा मिलेगी।




