हरिद्वार, 1 जून (वेब वार्ता)। हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार हादसा शांतिकुंज के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान के बाद अपने घर लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे किया जा रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क पर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो वाहन भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तत्काल सहायता के लिए पहुंचे। पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर, पत्नी भंवर सिंह, निवासी नागौर, राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर भेजी गई। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया है। प्रारंभिक जांच में बस को पीछे करते समय संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




