पीलीभीत, 16 मई (वेब वार्ता)। पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में बहन-बहनोई के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कलां निवासी जीशान अपनी बहन नेहा और बहनोई हसीब के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए हसीब के घर गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि जीशान के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में उसकी बहन नेहा और चाचा जानिसार भी घायल हुए हैं। घायल अवस्था में जीशान को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जीशान के पिता इरशाद ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने इरशाद की शिकायत के आधार पर हसीब समेत छह अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




