रायपुर, 16 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ में मानसून आने से पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में मौसम प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व-पश्चिम द्रोणिका के असर से कई इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल तट पर पहुंच सकता है। मानसून की इस सक्रियता का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। इसी वजह से प्रदेश में तापमान में कमी और मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है, क्योंकि कई इलाकों में वज्रपात की संभावना बनी हुई है।




