-लक्ष्मीकांत पाठक
हरदोई, 08 मई (वेब वार्ता)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई के परेड ग्राउंड में दंगा एवं बलवा नियंत्रण का व्यापक पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। अभ्यास पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
पूर्वाभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और भीड़ नियंत्रण की रणनीतियों का प्रदर्शन किया। विधि-विरुद्ध भीड़ को नियंत्रित और तितर-बितर करने के लिए रबर बुलेट गन, लाठीचार्ज, आंसू गैस, एंटी राइट गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड और टियर स्मोक सेल जैसे उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों ने जवानों को यह भी बताया कि इन उपकरणों और संसाधनों का प्रयोग करते समय किन आवश्यक सावधानियों का पालन करना चाहिए, ताकि स्थिति को नियंत्रित करते हुए जनहानि और अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके।
दंगा नियंत्रण अभ्यास में लगभग 160 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान विभिन्न प्रकार की आपात परिस्थितियों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें नेट, टियर स्मोक सेल और अन्य आधुनिक संसाधनों के उपयोग की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से पुलिस बल विषम परिस्थितियों में अधिक प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने में सक्षम होता है।
पूर्वाभ्यास में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के समन्वित संचालन का भी अभ्यास कराया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस और फायर विभाग के संयुक्त कार्य संचालन की प्रक्रिया को समझाया गया, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तेजी से राहत और नियंत्रण कार्य किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक और तकनीकी रूप से हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति के लिए तैयार रखना है, जिससे जनपद में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखा जा सके।




