बलरामपुर, 04 मई (कमर खान)। अटल भवन भाजपा कार्यालय पर पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया।ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। पार्टी कार्यालयों पर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक जश्न में डूबी रही। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व की नीतियों तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति पर मुहर लगाई है।
पूर्व राज्यमंत्री एवं सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता यह साबित करती है कि देश की जनता अब स्थिर और मजबूत नेतृत्व चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत आने वाले समय में और बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत है। विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है, जिसका परिणाम इन राज्यों के चुनावों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना है।
नगर चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने भी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिला है। यही कारण है कि लोगों ने पार्टी पर भरोसा जताया है। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘भाजपा जिंदाबाद’ के नारे लगाए। पूरे माहौल में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। नेताओं ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में भी जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
उक्त अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, ब्लाक प्रमुख राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह, बृजेन्द्र तिवारी, वरूण सिंह मोनू, संजय शुक्ला, वंदना पासवान, जिला महामंत्री डॉ अजय सिंह पिंकू, बिंदु विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस, जिला मंत्री ललिता तिवारी, अवधेश त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, संजय शर्मा, अमरनाथ शुक्ला, संदीप उपाध्याय, साधना पांडे, नंदनी शुक्ला, आलोक रंजन, सौरभ पाण्डेय, अक्षय शुक्ला, सौरभ तुलस्यान, अभिषेक सिंह, आंनद श्रीवास्तव, शुभेन्द्र गौरव, शिवम् मिश्रा सहित तमाम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।




