-लक्ष्मीकांत पाठक
हरदोई, 08 मई (वेब वार्ता)। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित स्व-गणना कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में आयोजित कार्यशाला के दौरान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कुंवर माधवेन्द्र प्रताप सिंह (रानू) सदस्य विधान सभा सवायजपुर, राम पाल सदस्य विधान सभा बालामऊ, प्रेमावती वर्मा अध्यक्ष जिला पंचायत हरदोई, मधुर मिश्र अध्यक्ष नगर पालिका परिषद हरदोई सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी Anunay Jha तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी Priyanka Singh के निर्देशन में किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं स्व-गणना कर प्रक्रिया को समझा।
वक्ताओं ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने जनगणना आंकड़ों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिसमें नागरिक स्वयं स्व-गणना कर सकेंगे। इससे डेटा की गोपनीयता और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित होंगी।
अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह ने जनगणना कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और आमजन को अधिक से अधिक स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।
जिला जनगणना प्रभारी विनय कुमार वर्मा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अधिसूचित अधिकारी, चार्ज अधिकारी, फील्ड ट्रेनर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




