-संजीव ओबेरॉय
यमुनानगर, 08 मई (वेब वार्ता)। Inner Wheel Club Jagadhari Yamunanagar द्वारा विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर मुकंद लाल सिविल अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम उत्साह, जागरूकता और बच्चों की खुशियों के माहौल में संपन्न हुआ।
प्रोजेक्ट चेयरमैन परुल खन्ना ने बताया कि बच्चे हर वर्ष इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं, क्योंकि यह दिन उनके लिए मुस्कान और खुशियों से भरा होता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर बच्चों को इंजेक्शन नहीं लगवाने पड़ते, जिससे वे पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने कविताएं, गीत, नृत्य, चित्रकला और क्राफ्ट गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने पोस्टरों के माध्यम से लोगों को थैलेसीमिया जांच करवाने के लिए जागरूक भी किया। उनका संदेश था कि समय पर जांच कराकर भविष्य में बच्चों को इस बीमारी से बचाया जा सकता है।
आयोजकों द्वारा बच्चों के लिए आकर्षक सजावट की गई थी, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी आनंदमय बन गया। इस दौरान अभिभावकों ने भी अपनी समस्याएं और अनुभव प्रोजेक्ट चेयरमैन के साथ साझा किए। क्लब की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में परुल खन्ना, शशि गुप्ता, गरिमा धीमान और निकिता जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अस्पताल की ओर से डॉ. निशा, मनजीत और ज्योति ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।




