बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 75 लाख
बहराइच।पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक फखरपुर रामकुमार राजभर के नेतृत्व में पुलिस टीम को अवैध मादक पदार्थ के साथ अभियुक्त को गिरफ्तार करने में मिली सफलता।
प्रभारी निरीक्षक थाना फखरपुर रामकुमार राजभर के अनुसार मय पुलिस बल द्वारा ग्राम गायघाट संपर्क मार्ग मोड़ पर रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिनकी तलाशी एवं पूछताछ करने पर उनकी पहचान इसरार खान पुत्र मुन्नी खान उर्फ कादिर खान, निवासी ग्राम मजगउँवा, कंजीकला, थाना मोतीपुर व नियाजुद्दीन पुत्र अली जान उर्फ डगरू, निवासी ग्राम मजगउँवा, कंजीकला, थाना मोतीपुर के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार अभियुक्तगण के कब्जे से कुल 354 ग्राम स्मैक, दो अदद मोबाइल फोन एवं ₹1,490/- नकद बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर अभियुक्तगण के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु न्यायालय रवाना किया गया।




