देवरिया 27 अक्टूबर। देवरिया जिले में दुग्ध उत्पादको व पशु पालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालन विभाग जई का बीज उपलब्ध करायेगा। पशुपालक इसे अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय से प्राप्त कर सकते हैं।
इस संबंध में पशु पालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी निशीकांत तिवारी ने आज मंगलवार को बताया कि जई एक प्रोटीनयुक्त चारा है जिसे पशुपालक इसकी बुआई कराकर पशुओं को पर्याप्त कैल्शियम और फाइबर उपलब्ध करा सकते हैं। जिससे पशुओं के पोषण और पाचन तंत्र को स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि
जई की बोआई के लिए 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक की जाती है। प्रति एकड़ करीब 40 किलोग्राम बीज की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि जई की बोआई के 55 से 60 दिन बाद कटाई की जाती है। इसकी बुआई से दिसंबर से मार्च तक पशुओं को लगातार पौष्टिक हरा चारा मिल सकता है।




