राज्यउत्तर प्रदेशनितिन अग्रवाल ने किसान मेले का किया शुभारंभ,...

नितिन अग्रवाल ने किसान मेले का किया शुभारंभ, आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई वेबवार्ताअंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस एवं राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर गुरुवार को सम्भागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र, बिलग्राम चुंगी के निकट किसान मेला, कृषि ज्ञान संगोष्ठी एवं जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई।
राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं। किसान मेले में कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल किसानों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके जीवन स्तर में सुधार करना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। ग्रामीण क्षेत्रों की अंतिम पंक्ति में खड़ी पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
महिलाएं अब रोजगार लेने वाली नहीं, देने वाली भी बनीं
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। सिलाई, कढ़ाई, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और लघु उद्योगों के जरिए ग्रामीण महिलाएं अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। अब महिलाएं केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
लागत घटाकर उत्पादन बढ़ाने पर जोर
ब्लॉक प्रमुख बावन ने कहा कि किसान मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाना और उनकी आय में वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाकर खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए।
उप कृषि निदेशक एवं उप कृषि निदेशक (शोध) डॉ. राजेश कुमार ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग, उन्नतशील बीजों का चयन, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण और फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने शासन द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से कृषि विशेषज्ञों के सुझाव अपनाने और वैज्ञानिक पद्धतियों से खेती करने की अपील की।
अधिकारियों और किसानों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र हरदोई एवं संडीला के वैज्ञानिक, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, सदर प्रभारी, भूमि परीक्षण प्रयोगशाला हरदोई के प्रभारी, शोध केंद्र हरदोई के प्रभारी, एनएएफएसएम के सलाहकार, कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -