सोनीपत (राजेश आहूजा) एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली महिला खिलाड़ी साक्षी राणा और ज्योति से सोनीपत विधायक निखिल मदान ने मुलाकात की। विधायक ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि खेल के मैदान में मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर हासिल की गई सफलता पूरे समाज के लिए गर्व का विषय होती है। साक्षी राणा और ज्योति ने एशियन गेम्स महिला हॉकी में 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है। उनकी यह उपलब्धि सोनीपत सहित पूरे हरियाणा और देश के लिए गौरव का क्षण है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने खेलों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। साक्षी राणा और ज्योति जैसी खिलाड़ी युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का काम करती हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत के बल पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




