लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता)पचदेवरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर धर्मपुर गांव के पास सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भयावह मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
मृतका की पहचान फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी रामगुनी (पत्नी दयाराम) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार दोपहर वह सीएनजी ऑटो में सवार होकर कहीं जा रही थीं। इसी दौरान धर्मपुर गांव के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग उसकी चपेट में आकर घायल हो गए, जबकि रामगुनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया।
प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की भिड़ंत में महिला की मौत हुई है। फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। उधर, रामगुनी की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा है।




