कान्हा के जन्म पर भक्तिमय हुआ हरदोई, मंदिरों से थाना परिसरों तक गूंजी जय कन्हैया लाल की जयकार

लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता

हरदोई। “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से शुक्रवार की रात पूरा हरदोई कृष्णमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिलेभर में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जगह-जगह मनोहारी झांकियां सजाई गईं और देर रात तक भजन-कीर्तन से वातावरण गुंजायमान रहा।

जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। मंदिरों और पूजा स्थलों पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कहीं बाल गोपाल की माखन चोरी की लीला तो कहीं गोकुल की मनोहारी छवि ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

रिजर्व पुलिस लाइन में भाव महोत्सव

रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष आयोजन किया गया। पुलिस लाइन को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। यहां भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप तथा उनकी बाल लीलाओं पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर नजर आया।

04 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक मीना ने पुलिस परिवार के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सहभागिता की। दोनों अधिकारियों ने पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पुलिस परिवारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम, नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, न्यायिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आधी रात को हुआ कान्हा का जन्म

रात्रि जैसे-जैसे गहराती गई, श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह भी बढ़ता गया। घड़ी की सुइयां जैसे ही मध्यरात्रि के पावन क्षण पर पहुंचीं, मंदिरों और आयोजन स्थलों पर शंख, घंटियों और जयकारों की गूंज उठी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की घोषणा के साथ ही श्रद्धालुओं ने “जय श्रीकृष्ण”, “नंद घर आनंद भयो” और “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष किए।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

गांव-गांव सजीं झांकियां, गूंजे भजन

शहर के प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जन्माष्टमी की विशेष रौनक रही। गांवों में मंदिरों और पूजा स्थलों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। बच्चों और युवाओं ने कृष्ण-राधा तथा ग्वाल-बालों का स्वरूप धारण कर धार्मिक झांकियों में हिस्सा लिया। कई स्थानों पर देर रात तक भजन-कीर्तन और धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी ने पूरे जिले में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश दिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर हरदोई की धरती देर रात तक भक्ति, संगीत और उल्लास से सराबोर रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -