लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। बिलग्राम थाना क्षेत्र के हबीबनगर गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के देवर और भाभी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सीमा पत्नी देशराज (35 वर्ष) और राम रूप पुत्र राजाराम (22 वर्ष), निवासी हबीबनगर, थाना बिलग्राम, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे देवर-भाभी बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
इस दोहरी मौत की घटना ने गांव में भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी हरदोई सुबोध गौतम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
हरदोई में देवर-भाभी ने फांसी लगाकर दी जान, एक ही घर से उठे दो शव

- Advertisement -



