-लक्ष्मीकांत पाठक
हरदोई, 22 जून (वेब वार्ता)। लखनऊ-शाहजहांपुर-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731) पर शेदपुर स्थित शारदा नहर के ऊपर निर्माणाधीन पुल पर सोमवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। पुल पर बीम स्थापित करते समय भारी बीम अचानक नीचे गिर गई, जिससे दो मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए निर्माण कार्य प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर सुबह करीब 10:20 बजे बीम को उसके निर्धारित स्थान पर रखा जा रहा था। इसी दौरान बीम का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। हादसे में राहुल पुत्र छोटेलाल तथा राजेश्वर पुत्र गेंदालाल घायल हो गए। मौके पर मौजूद श्रमिकों और अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हरदोई मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया और चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की देखरेख में गिरी हुई बीम को हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी को हादसे के कारणों की जांच कराने तथा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के संबंध में जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
निर्माणाधीन परियोजना में हुई इस दुर्घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




