लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई 19 सितम्बर( वेबवार्ता)तहसील सण्डीला में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत को महज औपचारिकता न माना जाए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार प्रभावी समाधान कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत और पंचायतीराज समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सण्डीला नारायणी भाटिया, खण्ड विकास अधिकारी बेंहदर संस्कृति त्रिवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, पीडी डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, सीओ सण्डीला श्लोक गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे




