सस्ती थाली के साथ हजारों महिलाओं को मिला रोजगार और आत्मनिर्भरता का सहारा, जयललिता की जनकल्याणकारी योजना ने बदली कई परिवारों की जिंदगी
चेन्नई, (रीतेश रंजन)। पति की मौत के बाद एक महिला के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने बच्चों का पालन-पोषण और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने की होती है। ऐसे मुश्किल दौर में यदि रोजगार और आर्थिक सहारा मिल जाए तो जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाना आसान हो जाता है। तमिलनाडु में शुरू की गई अम्मा कैंटीन योजना ऐसी ही हजारों महिलाओं के लिए उम्मीद का जरिया बनी। इस योजना ने जहां गरीबों और जरूरतमंदों को सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराया, वहीं विधवाओं, बेसहारा और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी भूमिका निभाई।
विजयलक्ष्मी (43) की कहानी इसी बदलाव की एक मिसाल है। वर्ष 2012 में उनके पति का निधन हो गया था। उनके पति एक पब्लिशिंग कंपनी में काम करते थे। पति की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी विजयलक्ष्मी के कंधों पर आ गई। दो बच्चों की परवरिश और उनकी पढ़ाई का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। उन्होंने स्थानीय महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आजीविका का रास्ता तलाशा, लेकिन उससे परिवार का गुजारा करना मुश्किल था।
इसी दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता द्वारा शुरू की गई अम्मा कैंटीन योजना उनके लिए रोजगार का माध्यम बनी। कैंटीन में काम करने के बदले उन्हें नौ हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने लगा। इस नियमित आमदनी ने उनके परिवार को आर्थिक स्थिरता दी। विजयलक्ष्मी ने इसी नौकरी के सहारे अपनी बेटी की पढ़ाई पूरी कराई। बेटी ने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली है और अब रोजगार की तलाश में है, जबकि उनका बेटा स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ रहा है।
ऐसी ही एक दूसरी कहानी इल्लामा की है। उनके पति की सात वर्ष पहले काम के दौरान मौत हो गई थी। वह नालों और सेप्टिक टैंकों की सफाई का काम करते थे। पति की असमय मौत के बाद तीन बेटियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी इल्लामा पर आ गई। सीमित साधनों में परिवार चलाना उनके लिए बेहद कठिन हो गया था। अम्मा कैंटीन से जुड़ने के बाद उन्हें नियमित रोजगार मिला और परिवार की जिंदगी में कुछ स्थिरता आई। आज उनकी एक बेटी पढ़ाई पूरी करके नौकरी कर रही है, जबकि अन्य दो बेटियां अभी शिक्षा हासिल कर रही हैं।
गरीबों के लिए सस्ती थाली, महिलाओं के लिए रोजगार
तमिलनाडु की तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने वर्ष 2013 में अम्मा कैंटीन योजना की शुरुआत की थी। जयललिता को राज्य के लोग सम्मानपूर्वक ‘अम्मा’ कहकर संबोधित करते थे। इसी नाम पर राज्य सरकार ने सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अम्मा कैंटीन की शुरुआत की। इसका पहला विस्तार चेन्नई में हुआ और बाद में इसे राज्य के दूसरे शहरों तक पहुंचाया गया।
इस योजना का उद्देश्य गरीब, मजदूर, रिक्शा चालक, दिहाड़ी श्रमिक, विद्यार्थी और दूसरे जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना था। कैंटीन में शुरुआत में इडली, सांभर राइस, दही चावल, पोंगल, लेमन राइस और करी लीफ राइस जैसे दक्षिण भारतीय व्यंजन उपलब्ध कराए गए। बाद में रोटी को भी मेन्यू में शामिल किया गया। इन खाद्य पदार्थों की कीमत एक से पांच रुपये के बीच रखी गई, जिससे कम आमदनी वाले लोगों को भी भोजन उपलब्ध हो सके।
घाटे के बावजूद जारी रही जनसेवा
अम्मा कैंटीन का संचालन मुनाफा कमाने के बजाय जनसेवा के उद्देश्य से किया गया। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2021 से मार्च 2022 के बीच चेन्नई की अम्मा कैंटीनों पर निगम ने 114.21 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि इनसे 10.20 करोड़ रुपये की आमदनी हुई। इस तरह निगम को लगभग 104.01 करोड़ रुपये का अंतर वहन करना पड़ा।
निगम के अधिकारियों का कहना था कि इस व्यवस्था को व्यावसायिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। चेन्नई में एक समय अम्मा कैंटीन की संख्या लगभग 400 थी, जिनमें से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 381 संचालित थीं।
इस योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता महिलाओं को रोजगार देना भी रही। खासतौर पर विधवाओं, गरीब और असहाय महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के अवसर देने पर जोर दिया गया। उपलब्ध आंकड़ों में 2,848 महिलाओं के कैंटीनों में कार्यरत होने का उल्लेख मिलता है। इनकी आयु सीमा 18 से 60 वर्ष बताई गई है। हालांकि नियुक्तियों को लेकर समय-समय पर राजनीतिक पक्षपात के आरोप भी सामने आते रहे हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों को नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जाती है।
हर वर्ग के लोगों ने अपनाई अम्मा कैंटीन
अम्मा कैंटीन की लोकप्रियता केवल गरीब और मजदूर वर्ग तक सीमित नहीं रही। भोजन की कम कीमत और उपलब्धता के कारण आईटी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों सहित मध्यमवर्गीय लोगों ने भी इसका लाभ उठाया।
चेन्नई नगर निगम से संबंधित उपलब्ध आंकड़ों में कैंटीनों के लाभार्थियों में लगभग 78 प्रतिशत पुरुष और 22 प्रतिशत महिलाएं बताई गई हैं। इनमें निर्माण क्षेत्र के मजदूर, वाहन चालक, दिहाड़ी श्रमिक, बेरोजगार, विद्यार्थी तथा सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारी शामिल थे। इससे स्पष्ट होता है कि सस्ती भोजन व्यवस्था ने शहर के अलग-अलग आर्थिक और सामाजिक वर्गों की जरूरतों को पूरा किया।
सत्ता परिवर्तन के बाद योजना के भविष्य पर सवाल
जे. जयललिता के निधन के बाद अम्मा कैंटीन की व्यवस्था और संचालन को लेकर कई सवाल उठे। सत्ता परिवर्तन के बाद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से कैंटीन की कई इकाइयों को बंद किया गया। हालांकि नगर निगम के अधिकारियों ने इन आरोपों से अलग तर्क देते हुए कहा कि कम ग्राहकों वाले क्षेत्रों और एक-दूसरे के नजदीक स्थित कैंटीनों को संचालन संबंधी कारणों से बंद किया गया।
शुरुआत से ही इस योजना को लेकर समाज में अलग-अलग विचार रहे हैं। जहां एक वर्ग इसे गरीबों को भोजन और महिलाओं को रोजगार देने वाली उपयोगी जनकल्याणकारी पहल मानता है, वहीं कुछ लोगों का विचार है कि सरकार को ऐसी योजनाओं के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के स्थायी अवसर भी पैदा करने चाहिए, ताकि परिवार अपनी जरूरतों को स्वयं पूरा कर सकें।
एक योजना, दो महत्वपूर्ण सामाजिक बदलाव
अम्मा कैंटीन की कहानी केवल एक रुपये की इडली या पांच रुपये की थाली तक सीमित नहीं है। विजयलक्ष्मी और इल्लामा जैसी महिलाओं के अनुभव बताते हैं कि किसी जनकल्याणकारी योजना का प्रभाव केवल उसके प्रत्यक्ष लाभार्थियों तक सीमित नहीं रहता। जब एक विधवा महिला को रोजगार मिलता है तो उसके बच्चों की शिक्षा, परिवार की आर्थिक स्थिति और आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी उससे जुड़ जाता है।
अम्मा कैंटीन ने एक तरफ जरूरतमंदों की भोजन संबंधी समस्या को कम करने का प्रयास किया, वहीं दूसरी तरफ उन महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार का अवसर दिया, जिनके सामने पति की मृत्यु या आर्थिक संकट के बाद परिवार चलाने का कठिन सवाल खड़ा था।




