बलरामपुर।
कमर खान
जनपद के सुआव पुल के सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा,उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री देवीपाटन मंदिर के पूज्य महंत मिथिलेश नाथ योगी जी महाराज एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ.अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं विधिवत उद्घाटन कर सौंदर्यीकरण कार्य को जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर गेल्हापुर के पूज्य महंत बृजानंद जी महाराज,श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत महेंद्र दास जी महाराज तथा सदर विधायक पल्टूराम की विशेष उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ.अफरोज अहमद ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का निर्माण करना नहीं,बल्कि प्रकृति,पर्यावरण और जनसुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करना भी है। सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी पैदा करता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देते हैं।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार नगरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता में नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे और बलरामपुर को स्वच्छ,सुंदर एवं विकसित जनपद बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहें।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर को स्वच्छ,सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका द्वारा लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि नगर के प्रमुख स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों,कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों सहित अधिशाषी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य,चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू,बृजेन्द्र तिवारी,डीपी सिंह बैस,संजय शर्मा,संजय शुक्ल,विजय अग्रवाल,ताराचन्द्र अग्रवाल,मंजू तिवारी,साधना पाण्डेय,आन्नद स्वरूप श्रीवास्तव,निशान्त सिंह,पुनीत पहवा,भूपेन्द्र सिंह,डीएन सिंह,अविनाश यादव,धर्मेन्द्र गोड सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में संत-महात्माओं के आशीर्वचन एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। सुआव पुल के सौंदर्यीकरण को बलरामपुर के विकास,स्वच्छता और सुंदरता की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
सुआव पुल के सौंदर्यीकरण का भव्य लोकार्पण,संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ उद्घाटन।

- Advertisement -



