लक्ष्मीकान्त पाठक
फतेहपुर( वेबवार्ता) पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और धमकी के मामले में अपेक्षित पुलिस कार्रवाई न होने से पत्रकार संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है। मामले को लेकर तीन पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से मुलाकात की और आरोपी के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी एवं जिलाध्यक्ष रवि कश्यप के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इस दौरान भारतीय पत्रकार जन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश सहगल और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अवस्थी ने भी कार्रवाई की मांग उठाई। साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। उनके सम्मान और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। पत्रकारों को धमकाने और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने की घटनाओं पर पुलिस को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे पत्रकार निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह अब्दी ने कहा कि पत्रकारों के साथ अपमानजनक व्यवहार की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में देरी से पत्रकारों में असंतोष पैदा होना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में संदीप पटेल के विरुद्ध 27 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली फतेहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 0524 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था। पत्रकार संगठनों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष निहाल सिंह जेम्स, सचिव मो. रशीद, मंडल अध्यक्ष खलीक अहमद जाफरी, कृष्ण प्रताप सिंह, वसीम शाह राजू, राहुल सिंह, त्रिवेणी मिश्र सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।




