#मीडिया में लगातार उठता रहा अवैध कच्ची शराब की बिक्री का मुद्दा, खबरों के बीच आज फिर हुई कार्रवाई; सात स्थानों पर दबिश देकर 70 लीटर शराब बरामद#
ललितपुर,(आलोक चतुर्वेदी) शहर में अवैध कच्ची शराब की बिक्री को लेकर लगातार उठते रहे सवालों के बीच आबकारी विभाग ने शनिवार को फिर कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी टीम ने शहर के अंदर और आसपास के सात चिह्नित स्थानों पर दबिश देकर छह महिलाओं को गिरफ्तार किया। मौके से कुल 70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को चलाए गए अभियान के तहत टीम ने अम्ब्रोसिया कॉलोनी के पास, बिजली पावर हाउस के निकट, इलाइट चौराहा, मसौरा बैरियर, गोविंद सागर बांध, सिद्धान मैदान और मंडी क्षेत्र में छापेमारी की। इन स्थानों पर कथित रूप से कच्ची शराब बेच रही छह महिलाओं को पकड़ा गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रुपाली, तिलखा, कमला निवासी मोमाफी, रामवती, वैष्णवी और मोनिका निवासी चीरा के रूप में बताई गई है। इनके कब्जे से 70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
लगातार खबरों के बाद फिर हुई कार्रवाई
शहर के इन स्थानों पर अवैध कच्ची शराब की बिक्री का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में रहा है। मीडिया द्वारा भी इन ठिकानों पर सुबह से शाम तक कथित रूप से जारी शराब की बिक्री को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की जाती रही हैं। पूर्व में ‘सुबह हो या शाम, यहां दिनभर चलते हैं अवैध शराब के जाम’ शीर्षक से भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बावजूद इन स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
ऐसे में शनिवार को आबकारी विभाग की ओर से की गई कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इन ठिकानों पर अवैध शराब के कारोबार पर स्थायी रूप से अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी और निरंतर कार्रवाई की जरूरत बनी हुई है। अब देखना होगा कि विभाग की यह कार्रवाई अवैध बिक्री पर कितना प्रभावी नियंत्रण लगा पाती है।
आबकारी विभाग ने गिरफ्तार महिलाओं के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के अंतर्गत थाना कोतवाली, जनपद ललितपुर में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
शहर के चिह्नित ठिकानों पर आबकारी का छापा, छह महिलाओं पर मुकदमा दर्ज

- Advertisement -



