मंडी धनौरा (अमरोहा)। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और ‘मानव कृत प्रदूषण: ब्रह्मांड की समस्या, कारण और निवारण’ पुस्तक के लेखन के लिए प्रख्यात पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ. रूपचंद नागर को श्रीलंका में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ‘ग्लोबल ब्रांड अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। श्रीलंका के 7वें राष्ट्रपति द्वारा कोलंबो स्थित प्रधानमंत्री आवास ‘टेंपल ट्रीज’ में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें ‘एक्सीलेंस इन सोशल वेलफेयर (एनवायरनमेंट)’ श्रेणी के तहत यह सम्मान प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय पटल पर क्षेत्र का नाम रोशन कर पत्नी श्रीमती कविता नागर के साथ मंडी धनौरा लौटने पर स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
मूल रूप से गाजियाबाद के कनावनी गांव तथा वर्तमान में वसुंधरा निवासी डॉ. रूपचंद नागर लंबे समय से पर्यावरण एवं जल संरक्षण अभियानों में सक्रिय हैं। गजरौला क्षेत्र की रासायनिक फैक्ट्रियों के अपशिष्ट से बगद नदी को बचाने के लिए उन्होंने साधु-संतों और जनसामान्य के सहयोग से बदायूं से गजरौला तक ऐतिहासिक पदयात्रा निकाली थी। इस अभियान का समापन दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बगद नदी के पास एक विशाल जनसभा के रूप में हुआ था, जिसे मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित ‘जलपुरुष’ राजेंद्र सिंह ने संबोधित किया था।
अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने के बाद मंडी धनौरा आगमन पर डॉ. बी.एस. जिंदल अस्पताल में आयोजित स्वागत समारोह में क्षेत्र के सम्मानित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. नागर ने कहा कि पर्यावरण और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के लिए समाज की निरंतर जनभागीदारी और समर्पण अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ बीएस जिंदल, कैलाश गुर्जर, नरेंद्र कटारिया, ऋषिपाल सिंह, भारतीय किसान यूनियन ( लोकशक्ति) के राष्ट्रीय सचिव सुमित नागर, अखिलेश भाटी आदि गणमान्य जन उपस्थित थे
पर्यावरण पुरुष डॉ. रूपचंद नागर श्रीलंका में ‘ग्लोबल ब्रांड अवार्ड’ से सम्मानित, मंडी धनौरा पहुंचने पर जोरदार स्वागत

- Advertisement -



