लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई।टड़ियावां क्षेत्र के सैंती गांव में ग्राम पंचायत की बंजर भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के निर्देश पर राजस्व विभाग की जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।
मामला राजस्व ग्राम सैंती स्थित गाटा संख्या 602 की 0.110 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है। ग्रामीणों ने रामाधीन पुत्र बालकराम निवासी सैंती पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की मनाही के बावजूद भूमि के एक हिस्से पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर, राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल पंकज कुमार को मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करने को कहा।
निर्देश के क्रम में राजस्व निरीक्षक और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में अवैध कब्जा पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली टड़ियावां में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक इश्तिखार हुसैन ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 329 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
उपजिलाधिकारी सदर ने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




