लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौसार का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दवा कक्ष, पर्चा बनने की व्यवस्था तथा पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। दवा कक्ष में उपलब्ध दवाओं और उनके वितरण की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि उपचार के लिए आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया। मरीजों से बातचीत के माध्यम से जिलाधिकारी ने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को समझने का प्रयास किया।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, जांच सेवाओं, दवाओं तथा मरीजों को दी जा रही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने के साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सवायजपुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




