कन्नौज, 22 जून (वेब वार्ता)। छिबरामऊ नगर के ग्रेसी गंज मोहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति ने इसे दुर्घटना बताया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रेसी गंज निवासी 35 वर्षीय रूबी बेगम की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनके पति मोहम्मद आरिफ उन्हें उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि रूबी बेगम की हत्या की गई है। वहीं, पति मोहम्मद आरिफ का कहना है कि उनकी पत्नी घर में अचानक गिर गई थीं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
रविवार सुबह जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही थी, तभी मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हंगामे के दौरान ससुराल पक्ष के लोग मौके से चले गए, जबकि शव अस्पताल परिसर में ही पड़ा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।




