राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में रिश्तों को शर्मसार करने वाली दरिंदगी:...

हरदोई में रिश्तों को शर्मसार करने वाली दरिंदगी: चार वर्षीय मासूम की हत्या का आरोपी चचेरा चाचा गिरफ्तार, खेत में ले जाकर की थी हैवानियत

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई( वेबवार्ता)रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत को तार-तार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना में चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके चचेरे चाचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ खेतों की ओर ले जाकर उसके साथ घिनौनी हरकत की और राज खुलने के डर से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मासूम की मौत की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
मामला थाना लोनार क्षेत्र का है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, बीती 13 नवंबर को चार वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। काफी देर तक बच्ची के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और थाना लोनार में प्रार्थनापत्र दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एवं क्षेत्राधिकारी हरपालपुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश और मामले की छानबीन में लगाई गईं।
तलाश के दौरान 15 नवंबर को गांव के बाहर एक बाग में बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट के माध्यम से साक्ष्य संकलित कराए और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत के बाद पुलिस ने मामले की गहनता से पड़ताल शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना में बच्ची के चचेरे चाचा रिजबी पुत्र सुरेंद्र निवासी थाना लोनार का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और दीपावली से पहले अपने घर आया था। 13 नवंबर को दोपहर में वह बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ खेतों की ओर ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ गलत काम किया। बच्ची घर जाकर किसी को यह बात न बता दे, इस आशंका में उसने उसका गला दबा दिया और शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1), 66, 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
इस मामले में थाना लोनार पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक अक्षय मलिक, उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश दुबे, कांस्टेबल ओमप्रकाश बिन्द, कांस्टेबल कृष्णमूर्ति मौर्य और कांस्टेबल विमलेश पटेल शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -