बहराइच में पुलिस-एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 4 नेपाली तस्कर गिरफ्तार, 4.917 किलो अफीम बरामद

बहराइच, 09 सितंबर (वेब वार्ता)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुपईडीहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक यात्री वाहन की तलाशी में 4.917 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। पुलिस ने अफीम की तस्करी के आरोप में चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में रुपईडीहा थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा से बहराइच जाने वाले मार्ग पर जैतापुर मोड़ से पहले पुराने बस अड्डे के पास एक यात्री वाहन संख्या एचपी01ए8898 को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन में यात्री के रूप में सवार नेपाली नागरिक चट्टान बसनेर और उसकी पत्नी गीता खत्री के सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान एक काले रंग के बैग से कुल 4.917 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि चट्टान बसनेर और गीता खत्री कथित रूप से इस अवैध मादक पदार्थ को वाहन चालक राम कुमार पुत्र टीकाराम तथा सहचालक देवेन्द्र बुढा पुत्र श्रीधन बहादुर सिंह के सहयोग से ले जा रहे थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर चारों आरोपितों को नियमानुसार हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध थाना रुपईडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 241/2026 के तहत स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धाराओं 8/18/29/60 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी चारों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -