देवरिया, 22 सितंबर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में देशभर में महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में देवरिया में भी दो अक्टूबर को क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।
मंगलवार को यहां कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस के
राष्ट्रीय संयोजक मानवेन्द्र तिवारी ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि देवरिया में यह प्रतियोगिता 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे दिव्य शक्ति मैरिज लॉन, चीनी मिल रोड पर आयोजित होगी। इसमें 15 से 22 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतिभागियों का पंजीकरण ऑनलाइन क्यूआर कोड तथा ऑफलाइन फार्म के माध्यम से कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव जैसे मूल्यों से परिचित कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को महापुरुषों के जीवन को पढ़ने और उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा।
श्री तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता ओएमआर प्रणाली के माध्यम से आयोजित की जायेगी और परीक्षा के बाद परिणाम तत्काल घोषित करने का प्रयास किया जायेगा। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया समझने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जायेगा।
देवरिया में कांग्रेस के तत्वाधान में 2 अक्टूबर को होगी महात्मा गांधी क्विज प्रतियोगिता
- Advertisement -



