नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने शुक्रवार को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, जय सिंह रोड, नई दिल्ली में एनडीएमसी महिला कर्मचारी कल्याण संघ और एनडीएमसी कल्याण विभाग द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य महिला कर्मचारियों की उपलब्धियों का सम्मान करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बांसुरी स्वराज उपस्थित रहीं। वहीं अन्य विशिष्ट अतिथियों में एनडीएमसी सदस्य/संरक्षक सरिता तोमर, कमिश्नर (जम्मू-कश्मीर) रश्मि सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता आरती उपाध्याय और अन्य परिषद सदस्य डी.पी सिंह, अनिल वाल्मीकि ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अपने मुख्य भाषण में कुलजीत सिंह चहल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए उठाए गए महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति में 33% महिला आरक्षण देकर नारी सशक्तिकरण की नई लकीर खींची है। श्री चहल ने कहा कि महिलाओं पर केंद्रित विकास और महिलाओं के नेतृत्व में सरकार, के विजन के साथ देश की राजधानी दिल्ली को एक मजबूत महिला मुख्यमंत्री के रूप में श्रीमती रेखा गुप्ता को देकर देश की सभी महिलाओं के लिए एक नई शुरुआत हैं।
मुख्य अतिथि बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य, प्रशासन, शिक्षा और स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और उनके योगदान को और अधिक मान्यता देने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में एनडीएमसी के विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों, जैसे कि विभागाध्यक्ष, सुरक्षा कर्मी, स्वच्छता कर्मचारी, स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर, और प्रशासनिक कर्मचारी, को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सभी मुख्य अतिथियों ने मिलकर महिलाओं को शील्ड प्रदान कर उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही। महिला कर्मचारियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। एनडीएमसी उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने एनडीएमसी महिला कर्मचारी कल्याण संघ की अध्यक्ष, श्रीमती सुधा शर्मा और अन्य पदाधिकारियों को इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए बधाई और धन्यवाद दिया।