दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट आर्यन मान के घर पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त उर्फ संजू बाबा
यहां के लोगों का अपनापन और प्रेम हमेशा उन्हें अपनी ओर खींचता है : संजय दत्त
बहादुरगढ़, 27 अप्रैल (वेब वार्ता)। बहादुरगढ़ में उस समय खासा उत्साह देखने को मिला, जब बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त उर्फ संजू बाबा दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट आर्यन मान एवं लोवा खाप के प्रधान अशोक मान के घर पहुंचे। इस अवसर पर हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा भी मौजूद रहे। संजू बाबा के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। संजय दत्त ने आर्यन मान और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की तथा परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ताऊ अशोक मान और दलबीर मान से शिष्टाचार भेंट कर हालचाल जाना।
मुलाकात के दौरान संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा से उनका विशेष लगाव है और हरियाणा ही उनका घर है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का अपनापन और प्रेम हमेशा उन्हें अपनी ओर खींचता है। आर्यन मान के परिवार से मिलकर भी उन्होंने खुशी जताई और सभी को शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के दौरान भी संजय दत्त ने आर्यन मान के समर्थन में वोट की अपील की थी। उस समय भी उनका संदेश युवाओं के बीच काफी चर्चा में रहा था। अब बहादुरगढ़ पहुंच कर उन्होंने आर्यन मान और उनके परिवार से मुलाकात कर अपने स्नेह संबंधों को और मजबूत किया।
उन्होंने अपनी हरियाणवी फिल्म लाइसेंस को मिल रहे प्यार पर खुशी जताई। मासूम शर्मा ने कहा कि लोगों द्वारा फिल्म को खूब पसंद किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला का भूत भी लाइसेंस ने उतार दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में साऊथ के दर्शक भी इस फिल्म को डब करवा कर देखेंगे और इसे भरपूर प्यार देंगे। संजय दत्त की बहादुरगढ़ यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। इस मौके पर सरपंच एसोसिएशन के प्रधान अशोक राठी, पूर्व पार्षद युवराज छिल्लर, सनवीर दलाल, पप्पू दलाल समेत काफी गणमान्य लोग उपस्थित थे।



