राज्यअन्य राज्यजदयू में निशांत कुमार होंगे नीतीश कुमार के...

जदयू में निशांत कुमार होंगे नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी, संजय झा का बड़ा बयान

पटना, 22 जून (वेब वार्ता)। जनता दल यूनाइटेड में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने स्पष्ट संकेत दिया है कि निशांत कुमार ही पार्टी के भविष्य हैं और आगे चलकर वही जदयू का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने और उसके विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

सोमवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके थे, जिसका अनुमोदन रविवार को आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में किया गया।

सरकार और संगठन दोनों में करेंगे काम

निशांत कुमार की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय कुमार झा ने कहा कि वह वर्तमान में सरकार में कार्य कर रहे हैं और भविष्य में संगठन में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी को नई ऊर्जा देने और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पार्टी कार्यकर्ताओं की थी मांग

बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने भी निशांत कुमार की भूमिका का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की लंबे समय से मांग थी कि उन्हें सक्रिय राजनीति में लाया जाए और राज्य के लिए कार्य करने का अवसर दिया जाए।

श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत कुमार युवा हैं और पार्टी में शामिल होने के बाद न केवल संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं, बल्कि सरकार में भी बेहतर भूमिका निभा रहे हैं।

राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हुआ अनुमोदन

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि रविवार को आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्वाचन का औपचारिक अनुमोदन किया गया।

बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि मुख्यमंत्री पद छोड़कर सत्ता का हस्तांतरण करने का निर्णय लेकर नीतीश कुमार ने राजनीतिक शुचिता, विश्वास और सहयोग की अनूठी मिसाल पेश की है।

विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का दावा

प्रस्ताव में यह भी दावा किया गया कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू ने 101 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 85 सीटों पर जीत दर्ज की, जो पार्टी के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। प्रस्ताव में अति पिछड़ा, पिछड़ा वर्ग तथा अनुसूचित जाति-जनजाति समुदायों को व्यापक प्रतिनिधित्व दिए जाने का भी उल्लेख किया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जदयू नेतृत्व की ओर से निशांत कुमार को लेकर दिए जा रहे संकेत आने वाले समय में बिहार की राजनीति को नई दिशा दे सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -