पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में भीषण आग, 17 घंटे बाद भी काबू नहीं, करोड़ों का नुकसान

धार, 22 अप्रैल (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के धार जिले स्थित पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। सेक्टर-3 में स्थित ‘हजारगो वेस्ट’ कंपनी में मंगलवार रात भड़की आग पर 17 घंटे बीत जाने के बाद भी काबू नहीं पाया जा सका है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां और कर्मी लगातार प्रयास के बावजूद इसे नियंत्रित नहीं कर सके। दमकल कर्मियों ने शुरुआती घंटों में करीब चार घंटे तक लगातार आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैलती चली गई और आसपास की अन्य इकाइयों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

चश्मदीदों के मुताबिक, आग लगने के दौरान फैक्ट्री परिसर से एक के बाद एक कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुएं के गुबार दिखाई दे रहे थे।

अग्निकांड की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कंपनी परिसर में खड़े भारी वाहन जैसे डंपर और जेसीबी मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि समय रहते आसपास की कंपनियों को खाली करा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित इकाई में पहले भी आग लगने की घटना सामने आ चुकी है, जिसके बाद कार्रवाई की गई थी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि इस बार आग किन कारणों से लगी और क्या कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही हुई है। जांच पूरी होने तक फैक्ट्री को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रारंभिक आकलन में इस आगजनी से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक क्षति का आंकलन अभी नहीं हो पाया है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

आग पर काबू पाने के लिए इंदौर, धार और धामनोद से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मंगाई गई हैं। दमकल की कई टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर निगरानी बढ़ा दी है। जांच के बाद ही इस भीषण अग्निकांड के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles