भोपाल, 04 जून (वेब वार्ता)। राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार की सनक में एक युवक द्वारा दो बहनों पर किए गए जानलेवा हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोपी ने बीच सड़क पर एक युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, जब उसकी बड़ी बहन बचाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार प्रीत नगर निवासी अक्षय चंदेल लंबे समय से युवती पर बातचीत करने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा उससे दूरी बनाए रखने और बातचीत से इनकार करने के कारण वह नाराज था। बुधवार शाम करीब चार बजे उसने दोनों बहनों का रास्ता रोक लिया और पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा।
बताया गया है कि शंकर नगर निवासी 23 वर्षीय युवती अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने दोनों को रोककर बातचीत करने की कोशिश की। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने जेब से धारदार चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बहन को बचाने पहुंची तो उस पर भी किया हमला
छोटी बहन की चीख-पुकार सुनकर बड़ी बहन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। चाकू के वार से उसके बाएं गाल पर गहरा घाव हो गया। दोनों बहनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की हरकतें कैद हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
छोला मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घायल दोनों बहनों का उपचार जारी है। घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और एकतरफा प्यार के नाम पर बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




